Dr Amit Kumar Sharma

लेखक -डा० अमित कुमार शर्मा
समाजशास्त्र विभाग, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली - 110067

बॉलीवुड आजकल

बॉलीवुड आजकल

 

लेखकों और निर्देशकों की एक नई पीढ़ी तैयार हो रही है, जो पहले की तुलना में ज्यादा प्रोफेशनल है। आज विशाल भारद्वाज अनुराग कश्यप, अनुराग बसु, फरहान अख्तर, अभिशेक कपूर, इम्तियाज अली, शिमित अमीन, राजकुमार हीरानी, आशुतोषगोवारीकर जैसे कई नाम हैं, जो ज्यादा अनुशासन के साथ काम कर रहे हैं। फिल्म से पहले सालों स्क्रिप्ट पर काम होता है। कहानी की हर एक डीटेल पटकथा के रूप में सामने होती है। यहां तक कि शूटिंग की योजना भी महीनों पहले से बनाई जाती है। आज भारतीय सिनेमा का दर्शक भी पहले की तुलना में ज्यादा समझदार और संवेदनशील है। लोकप्रिय सिनेमा की परिभाषाएं बदली हैं। नई तरह की फिल्में आ रही हैं, जिनके सवाल और उन सवालों को देखने का अंदाज भी नया है। यह सिनेमा नई भाषा में नए समय की कहानी रच रहा है। भारत के बाहर हिन्दी सिनेमा का दर्शक वर्ग वही है, जहां हिन्दी भाषी लोग रहते हैं। यह सिर्फ एन. आर. आई  बाजार है जिसने भारत के बाहर हिन्दी सिनेमा को इतना लोकप्रिय बनाया है। फ्रेंच, जर्मन, इतालवी और ईरानी सिनेमा की तरह पूरी दुनिया में हिन्दी सिनेमा का एक खास दर्शक वर्ग नहीं है। सिनेमा में फीलगुड और सुखद अंत की थीम भी खास भारतीय सिनेमाई अंदाज ही है। लेकिन खुशी की बात है कि अब हमारे यहां भी ये सीमाएं टूट रही हैं। रॉकेट सिंह, वेक अप सिड, लक बाई चांस, रॉक ऑन, ए वेडनेश डे, थ्री इडियट्स जैसी फिल्में न सिर्फ बन रही हैं बल्कि इनमें मुख्यधारा के स्टार काम कर रहे हैं। पहले भी अच्छी फिल्में बनती थी। 1950 से 1970 के दशक तक तीन तरह की फिल्में बनती थी। उनके अभिनेता भी तीन तरह के होते थे। अब मिक्सिंग हो रहा है। सफल सितारे भी प्रयोगधर्मी फिल्मों या मध्यमार्गी सिनेमा में काम कर रहे हैं।
80 का दशक भारतीय सिनेमा के लिए संक्रमण काल था। यह भारतीय समाज के लिए भी संक्रमण काल था। यह रंगीन टेलीविजन सीरियलों का युग था। यह अमिताभ बच्चन के बीग बी बनने का युग था। (1978 - 1988)। इस युग में वे बिना उत्कृष्ट काम किये मेगा स्टार मान लिए गये थे। 1989 से धीरे - धीरे भारतीय सिनेमा बदलने लगा। सूरज बड़जात्या, आदित्य चोपड़ा, मणिरत्नम, राकेश रोशन, रामगोपाल वर्मा, नागेश कुकनुर, करण जौहर, संजय लीला भंसाली, जॉन मैथ्यु माथन, प्रियदर्शन, विधु विनोद चोपड़ा, प्रकाश झा, विपुल शाह, राकेश, ओमप्रकाश मेहरा, फरहा खान आदि ने अपनी - अपनी फिल्मों से दर्शकों को भरपूर आनंद दिया।  
हम ईरानी सिनेमा की तरह एक बंद समाज के खिलाफ आवाज नहीं उठा रहे हैं। यूरोपीय सिनेमा जैसी अकादमिक गंभीरता से भी अभिभूत नहीं हैं। भारतीय संस्कृति की तरह भारतीय सिनेमा की भी अपनी खास विषेशता है। इस पर बहुआयामी समीक्षा या संशोधन का कार्य अब तक नहीं हुआ है। सिनेमा में नई टेक्नोलॉजी के समावेश के लिए जमीन तैयार की जा रही है। जेम्स कैमरॉन की 'अवतार' टेक्नोलॉजी की शिखर रचना है। आज के कालखंड में कल्पना और यथार्थ इस कदर मिल गए हैं कि बताना कठिन होता है कि कहां से अफसाना शुरू हो रहा है और कहां यथार्थ विलोप हो रहा है। आज के इस दौर की इस आपाधापी में संतुलन बनाए रखना कठिन हो रहा है। कमसिन उम्र के लोगों के लिए तो यह और भी कठिन है। बच्चे वीडियो गेम्स खेलने के आदी हो जाते हैं। दरअसल हमारे तमाम जुनूनी शौक हकीकत से दूर ले जाते हैं। अनेक मनुष्य जन्मजात पलायनवादी होते हैं। कल्पना जगत में खोने और यथार्थ को नकार कर उससे दूर भागने में अंतर है। पलायन के मूल में डर होता है। डर के यथार्थ से डर का हौवा बड़ा होता है। सपनों की तरह यह अनियंत्रित भी होता है। टेक्नोलॉजी केन्द्रित अवतार के विपरीत वेक अप सिड़, लंदन ड्रीम्स और प्यार इंपॉसिबुल की चर्चा की जा सकती है। तीनों फिल्म को औसत सफलता मिली है। वेक अप सिड़ करण जौहर की फिल्म है, लंदन ड्रीम्स विपुल शाह की फिल्म है और प्यार इंपॉसिबुल उदय चोपड़ा द्वारा लिखित और अभिनित यशराज की फिल्म है।
सूरत बनाम सीरत हमारे सिनेमा का बहुत पुराना विषय है। तीनों फिल्मों में इस थीम को ताजगी से प्रस्तुत किया गया है। लक बाई चांस भी इसी तरह की फिल्म थी। प्रतिभाशाली लोगों के बीच स्वंय को सहज रख पाना कठिन काम है। कोई भी व्यक्ति स्वंय के साधारण होने को आसानी से स्वीकार नहीं कर पाता। इसके लिए संतोष चाहिए। असाधारण बनने के लिए हम वह सब दिखाना चाहते हैं, जो हम नहीं हैं। यह अत्यंत थका देने वाली कसरत है। स्वयं को जस का तस उजागर करना बहुत ही कठिन है। टेक्नोलॉजी केन्द्रित फिल्मों के द्वारा असाधारण को ही महिमा मंडित किया जाता है।
शाहरूख खान की घरेलू फिल्म रा - 1 की कहानी टेक्नोलॉजी केन्द्रित है। इसकी पटकथा हॉलीवुड के डेविड बेनूलो लिख रहे हैं और स्टीगर इसके कैमरामैन होंने। बेनूलो ने शैडो मैन जैसी फिल्म लिखी थी। स्टीगर मैडन हीस्ट फिल्म के कैमरामैन रहे हैं। 'रा - 1' 'अवतार' का विलोम है। अवतार की कथा भारतीय मिथक एवं आख्यान की शैली में कही गई है। रा - 1 हॉलीवुड के साइंस फिक्सन की शैली की हिन्दी फिल्म हेगी। रा - 1 शाहरूख खान की अब तक बनाई फिल्मों में सबसे अधिक महत्वाकांक्षी और महंगी फिल्म होगी। देशी - विदेशी तकनीशियनों के सहयोग से वह एक सुपरमैननुमा कहानी प्रस्तुत करने जा रहे हैं। यह सुपरमैन आम आदमी द्वारा गढ़ा हुआ दिखालाया जाएगा। मुझे संदेह है कि यह फिल्म इडियट्स या गजनी से ज्यादा सफल होगी।
कोई समाज समृध्दि विहीन होकर रह सकता है लेकिन संस्कृतिविहीन होकर खुद को ज्यादा दिनों तक बचाए नहीं रह सकता है। अमेरिका या यूरोप बन जाना आसान है लेकिन, अपने मूलभूत रूप में संपूर्ण भारत बने रहना मुश्किल है। मध्यवर्ग पैसा कमाने में जुटा है। हर बात नफा-नुकसान के तराजू पर तौला जा रहा है। रिश्ते - नाते सब दरक रहे हैं। मनी मांयडेड मध्यवर्ग का उभरना कई खामियों को भी जन्म दे रहा है। आधुनिकता के नाम पर हर दिन कुछ नया गढ़ा जा रहा है और कुछ पुराना गिराया - मिटाया या तोड़ा जा रहा है। देश की कम से कम 40 करोड़ आबादी को दोजून की रोटी नसीब नहीं हो रही है।
हरित क्रांति की तरह ही विकास के इस दौर में देश को सामाजिक क्रांति की जरूरत है। जैसा विदेशों में आधुनिकीकरण और औद्योगीकरण के दौर में हुआ था (18 - 20 वी. सदी) उस दौर में वहां कई दार्शनिक, अर्थशास्त्री, साहित्यकार और सामाजिक चिंतक पैदा हुए। लेकिन भारतीय समाज एवं सिनेमा में ऐसा कुछ भी नहीं हो रहा है।
भारत में मध्यवर्ग का दायरा चौड़ा हुआ है, लेकिन सामाजीकरण अधूरा ही है। नतीजतन पुराने मध्यवर्ग के मानक (घरों में शास्त्रीय गायन के कैसेट, बुक शेल्फ में स्तरीय सामाजिक चितंन की किताबें आदि) अब नहीं दिखते हैं। अब उनमें उपभोक्ता वादी प्रवृत्ति आ गई है। अब परिवार का मुखिया हाड़ - मांस लगाकर, भ्रष्ट से भ्रष्ट तरीके अपना कर 24 घंटे मेहनत करता है, वहीं परिवार के दूसरे सदस्यों में मनोरंजन और ऐश की प्रवृत्ति जाग उठी है। राजश्री की फिल्म तपस्या में यह दिखलाया गया था। नया मध्यवर्ग अपनी आर्थिक कमाई की वजह से मध्यवर्ग बना है, लेकिन उसके सांस्कृतिक मूल्य उस वर्ग के नहीं हैं। खादी का जाना और जिंस का आना, इस दौर की सबसे बड़ी खासियत है। पहले समाज का पढ़ा - लिखा आदमी समाज के बारे में सोचता था, सामाजिक कार्यों में शिरकत करता था लेकिन, अब वे उपभोक्तावादी जिंदगी में मशगूल हैं। उन्हें ना तो किसी चीज में दखल देने की आदत है और ना ही लेने की। उनके बच्चे कामयाबी के लिए पढ़ते हैं ना कि काबिल बनने के लिए। हमें संस्कृति को बचाए रखने के लिए प्रयासरत रहना होगा। इसमें मध्यमवर्ग की भूमिका सबसे अहम होगी। हर काल, हर देश में मध्यमवर्ग से कुछ एंसी प्रतिभाएं आती हैं, जो विषम परिस्थिति में विकल्प और संभावनाओं को तलाशती हैं। ऐसी तलाश के लिए आज सिनेमा और टेलीविजन, वेबसाइट ऑर ब्लॉग महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं।

दक्षिण की चार भाषाओं में कुल जमा 600 फिल्में प्रतिवर्ष बनती हैं। भोजपुरी में प्रतिवर्ष बनने वाली फिल्मों की संख्या लगभग 100 है। हिन्दी में 150 से 200 फिल्में प्रतिवर्ष बनती हैं। आजकल केरल में कम बजट की फिल्में डी. वी. डी. पर घर - घर देखी जाती हैं। अत: कॉटेज फिल्म उद्योग भी कुछ क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहा है। एक जमाने में कोलकाता में मौलिक फिल्में बनती थी; परंतु विगत दशकों में अनेक क्षेत्रीय फिल्मों की कहानी मुंबई के व्यावसायिक सिनेमा से प्रेरित होती हैं। शुरू में यह उम्मीद की जाती थी कि क्षेत्रीय भाषाओें में बनी फिल्मों में उस जगह की लोक कलाओें के माध्यम से मौलिक कथाएं सामने आयेंगी या क्षेत्र के साहित्य पर सिनेमा आधारित होगा। मुंबइया मसाला सिनेमा की पहुंच बहुत व्यापक है और हमारी सोच पर भी उसका बहुत बहरा असर है। भारत के तमाम छोटे शहरों और कस्बों से जो कहानियां मुंबई भेजी जाती हैं उनमें से अधिकांश मसाला मुंबइया फिल्मों के प्रभाव में रची जाती हैं। मुंबइया मसाला फिल्मों के समुद्र में बहुत कचरा है, परंतु क्षेत्रीय भाषाओं में बनी फिल्मों की नदियां भी प्रदूषित हैं।

 

  डा० अमित कुमार शर्मा के अन्य लेख  

 

top